अजमेर के गणपति नगर में शनिवार को मकान से चोरी की वारदात।

अजमेर के गणपति नगर में शनिवार को मकान से चोरी की वारदात सामने आई है। दो महिला चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवरात, हजारों की नगदी सहित राशन का सामान चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित मकान मालिक अपने घर के पास स्थित रिश्तेदार के घर ही सो रहे थे। सुबह उठे तो खुद के घर का ताला टूटा हुआ मिला। पीड़ित ने मामले की शिकायत गंज थाना पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

गणपति नगर निवासी पीड़ित प्रकाश चंद्र मोटवानी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ उनकी बुआ के घर सो रहे थे। सुबह उठे तो किसी ने बुआ के घर के बाहर से कुंडी लगा दी। क्षेत्र के लोगों से लॉक खुलवाया और खुदके घर गए तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित प्रकाशचंद मोटवानी के अनुसार चोरों ने मकान से दो सोने की अंगूठी, कान के टॉप्स, चांदी की ज्वेलरी और 25 हजार रुपए नगदी सहित राशन का सामान और घर में लगे पानी के नल तोड़कर फरार हो गए।

पीड़ित ने मामले की शिकायत गंज थाना पुलिस को दी है। गंज थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पीड़ित प्रकाश चंद मोटवानी के अनुसार उनके घर के पास सीसीटीवी लगा हुआ है। जिसमें 2 महिला वहां पहुंची और पहले उनकी बुआ के मकान के बाहर कुंडी लगाई और फिर उनके मकान के गेट का ताला तोड़कर प्रवेश करती हुई दिखाई दे रही है। दोनों महिलाएं मकान में चोरी करने के बाद पीछे के गेट से फरार हो गई। गंज थाना पुलिस सीसीटीवी के आधार पर महिलाओं की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *